फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में गुरुवार दोपहर एक छात्रा की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान तेलंगाना निवासी लक्ष्मी के रूप में हुई है। वह बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ब्लॉक नंबर 57 में हुई। परिसर में अचानक तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास मौजूद छात्र और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। छात्रा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों को दी सूचना मृतका के परिजनों को तेलंगाना में घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पंजाब पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को फिलहाल सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों से की पूछताछ मामले की जांच के तहत पुलिस छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों और हॉस्टल में उसके संपर्क में रहने वाली छात्राओं से भी जानकारी जुटा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि छात्रा किसी निजी परेशानी या अन्य कारणों से परेशान तो नहीं थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिजनों की मौजूदगी में ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के चिकित्सकीय समय और अन्य तकनीकी पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की निष्पक्ष जाँच में जुटी है।
