उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। फाजिल्का के चौक घंटाघर पर कांग्रेस के नेता एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंक प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने केस वापस लेने की मांग की है। फाजिल्का से कांग्रेस नेता समरबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि उनके कांग्रेस पार्टी के लीडर राहुल गांधी ने दलित समाज के हितों और अधिकारों की बात उठाई थी, लेकिन सत्ताधारी दल द्वारा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। समरबीर सिंह सिद्धू ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द से जल्द मुकदमा वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस हाईकमान के फैसले के अनुसार देश से लेकर प्रदेश स्तर तक बड़े पैमाने पर आंदोलन और प्रदर्शन करेगी । इस मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता राजबक्श कंबोज ने कहा कि हल्द्वानी में राहुल गांधी पर दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में उत्तराखंड के सभी जिलों में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है । लेकिन इसी के बीच उनके द्वारा इसी रोष में इस धक्केशाही का विरोध करते हुए पंजाब के फाजिल्का में भी प्रदर्शन किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित राजनीतिक षड्यंत्र को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी ।
