फरीदकोट की बलबीर बस्ती का रहने वाला सातवीं कक्षा का बारह वर्षीय छात्र अनमोल सिंह सादिक रोड स्थित एक रजवाहे में नहाते समय तेज बहाव में बह गया। यह घटना रविवार दोपहर बाद की है, जिसका खुलासा करीब चौबीस घंटे बाद सोमवार दोपहर को हुआ। अनमोल अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ दो साइकिलों पर सवार होकर रजवाहे पर नहाने गया था। नहाते समय जब वह पानी के तेज बहाव में बहने लगा तो उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। इसके बाद तीनों बच्चे डर के कारण अपने घर लौट गए और उन्होंने इस हादसे के बारे में अपने परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति को कोई जानकारी नहीं दी। रविवार रात तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
रविवार रात तक जब अनमोल घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुरुआत में जब उसके साथियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अनमोल के साथ होने से साफ इनकार कर दिया और परिवार को गुमराह करते रहे। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद जब सोमवार को दोबारा गहनता से पूछताछ की गई, तब जाकर बच्चों ने अनमोल के रजवाहे में डूबने की बात स्वीकार की। इस सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा रजवाहे में छात्र की तलाश की जा रही है। साथियों के परिवार पर लगाया गंभीर आरोप इस बीच लापता छात्र के रिश्तेदार गुरतेज सिंह ने पुलिस प्रशासन और साथियों के परिवारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों के परिवारों ने उन्हें रात भर गुमराह किया और अब पुलिस भी अनमोल को ढूंढने में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है। अभी तक छात्र के कपड़े और साइकिल बरामद नहीं रिश्तेदार ने यह भी सवाल उठाया कि अभी तक छात्र के कपड़े, साइकिल और अन्य सामान बरामद नहीं हो सके हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और अनमोल की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने की मांग की है।