टोंक में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक पानी की करीब 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुरानी टोंक थाना पुलिस और युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। मामला शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सोमवार की सुबह हुआ। पुरानी टोंक थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अलीगढ़ निवासी जितेंद्र वैष्णव(24) सुबह करीब 6:30 बजे हाउसिंग बोर्ड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। साथ ही उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने भी युवक को समझाया। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 9:30 बजे युवक सुरक्षित नीचे उतरा। पुलिस ने युवक से भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने की हिदायत दी। थानाधिकारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
