झुंझुनूं में मंडावा थाना इलाके के वाहिदपुरा पुलिया के पास एक निजी स्कूल के सामने तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे एक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में टेंपो ड्राइवर और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपी कार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार अजीत सिंह पुत्र गजू सिंह राजपूत (निवासी लुमास) ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि उनके चाचा महावीर सिंह पुत्र चिमनसिंह राजपूत, सुरेंद्र कुमार पुत्र मेघाराम जाट (निवासी लुमास) के साथ टेंपो में अपने घर से मंडावा जा रहे थे। जब उनका टेंपो वाहिदपुरा पुलिया के पास एक निजी स्कूल के सामने पहुंचा, तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर में टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मंडावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
