जोधपुर पश्चिम की झंवर थाना पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) टीम ने अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4095 नशीली टैबलेट जब्त की है। पुलिस ने मामले में मेडिकल दुकान चलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत के अनुसार, 2 अगस्त को गश्त के दौरान एएनटीएफ चौकी के कॉन्स्टेबल को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि बावरली रोड बंबोर दर्जीयान स्थित शिवाय मेडिकल स्टोर के पीछे भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाइयां छिपाकर रखी गई है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर के पीछे खाली जगह की तलाशी सूचना पर झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मेडिकल स्टोर के पीछे खाली जगह की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की कुल 4095 अवैध नशीली टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से बरामद सभी नशीली दवाओं को जब्त कर आरोपी राकेश पुत्र जसाराम मेघवाल (29), निवासी उदयसर आगोलाई थाना बालेसर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच बोरानाडा थानाधिकारी राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
