नागौर में सोमवार की शाम बाइक को साइड में करने पर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बाइक सवार युवक और कार सवार लोगों में कहासुनी हो गई। इसके बाद कार से नीचे उतरकर युवकों ने बाइक सवार प्रॉपर्टी कारोबारी धारूराम पर तलवार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे जेएलएन जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना शहर के डेह चौराहे के पास पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने सोमवार की देर शाम करीब 7.30 बजे हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक दूसरों पर तलवार से वार करते हुए दिखाई दे रहा है। पहले देखिए… घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें कार सवार बदमाशों ने किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रोपर्टी कारोबारी धारूराम के पास बाइक थी, इसी दौरान कार में आए बदमाशों ने उसे गाड़ी साइड में लगाने के लिए कहा और बहस करने लगे। कुछ ही देर में बहस बढ़ गई और मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान कार सवार एक युवक तलवार लेकर आया और धारूराम पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल प्रॉपर्टी कारोबारी का हॉस्पिटल में इलाज जारी
हमले में धारूराम बन्ना घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कोतवाली थाना एएसआई गुमानाराम ने बताया कि पुलिस ने घायल के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रहे हैं, जिससे पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके। मामले की जांच जारी है।