कोटपूतली में अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के तत्वावधान में वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन उपखंड मुख्यालय पावटा में विभिन्न मांगों को लेकर किया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने हाथों में झाड़ू लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में शामिल मनीष कुमार ने बताया- स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी सफाई कर्मचारी भर्ती विज्ञप्ति में पूर्व से कार्यरत सफाई कर्मचारियों, ठेका कर्मियों और संविदा कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती नियमों के कारण इन कर्मचारियों के साथ अन्याय हुआ है। साथ ही, भर्ती में निर्धारित न्यूनतम मासिक वेतन 7,410 रुपए को भी कर्मचारियों के हितों के विपरीत बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने नवगठित नगर पालिकाओं में कार्यरत अस्थाई सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, संविदा सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने सहित अन्य मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया। सफाई कर्मियों ने सरकार से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
