राजस्थान पटवार संघ ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं होने पर प्रदेशभर में चल रहा गिरदावरी बहिष्कार आंदोलन जारी रहेगा और इसे और व्यापक बनाया जाएगा। संघ ने सोमवार को झालावाड़ एडीएम कमल कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शासन सचिव, राजस्व विभाग, जयपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। लंबे समय से लंबित हैं मांगें ज्ञापन में बताया गया कि पटवार संघ पूर्व में भी राजस्व मंडल और राजस्व विभाग को कई बार अपनी मांगों से अवगत करा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं होने से पटवारियों में असंतोष बना हुआ है। संघ ने सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। मानदेय, वेतनमान और तकनीकी पद की मांग संघ ने डीसीएस गिरदावरी तथा अन्य अतिरिक्त राजस्व कार्यों के लिए उचित मानदेय एवं पारिश्रमिक निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर ग्रेड-पे 3600 तथा पे-लेवल-10 का लाभ देने की मांग भी उठाई। पदोन्नति और नए पटवार मंडलों की मांग ज्ञापन में प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय में नए पटवार मंडलों का सृजन करने, पदोन्नति के अवसर बढ़ाने तथा नायब तहसीलदार और तहसीलदार पदों पर पर्याप्त पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। भत्ते, स्थानांतरण नीति और सुविधाओं पर भी जोर संघ ने बढ़वाया भत्ता, दोहरा कार्य भत्ता, विशेष भत्ता और स्टेशनरी भत्ता बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्र भत्ता एवं ट्रैवलिंग अलाउंस लागू करने की मांग की। इसके अलावा पटवारियों से गैर-पटवारी कार्य नहीं लेने, राजस्थान पटवारी सेवा नियम-1957 के स्थानांतरण संबंधी नियम 9(2) को पुनः प्रभावी कर स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने की भी मांग रखी गई। पटवार मुख्यालयों पर संसाधन उपलब्ध कराने की मांग संघ ने सभी पटवार मुख्यालयों पर पटवार भवनों का निर्माण कराने तथा लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट और फर्नीचर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की। सरकार से जल्द निर्णय लेने का आग्रह जिलाध्यक्ष राहुल मोरी ने कहा कि पटवार संघ हमेशा शासन और प्रशासन के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहा है, लेकिन लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और राजस्व विभाग ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
