नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने 104 जननी एक्सप्रेस का संचालन कम होने पर राजस्थान के 10 जिलों के सीएमएचओ को नोटिस जारी किए। इसमें सवाई माधोपुर, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर सहित अन्य जिलों के अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों को नोटिस मिलने के बाद 3 दिन में जवाब देने के लिए कहा है। जवाब नहीं देने पर प्रशासिक स्तर पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दरअसल NHM की ओर से प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को हॉस्पिटल से घर तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों में 104 जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस का संचालन किया जाता है। वहीं हाल ही जब ऑडिट करवाई गई तो पता चला कि कई जिलों में स्वीकृत एंबुलेंस से भी कम संख्या में एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है। 16 जुलाई को नोटिस, अब तक नहीं दिया जवाब एंबुलेंस का कम संचालन मामले में पहले भी इन सभी सीएमएचओ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में चेतावनी दी गई थी। इसके बाद एनएचएम मिशन निदेशक ने 16 जुलाई को सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। अब तक न तो इनका कोई जवाब NHM को मिला और न ही एंबुलेंस का 100 फीसदी संचालन करवाया गया।
