राजस्थान में जूनियर इंजीनियर (JEN) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 (पुनः परीक्षा-2021) के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता अतुल मीणा (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 25 लाख रुपए में लीक हुआ सॉल्व पेपर खरीदा था। एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया- JEN संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के संबंध में सांगानेर थाने में साल 2020 में मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद भर्ती निरस्त कर दी गई थी। 12 सितंबर 2021 को परीक्षा फिर से आयोजित की गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि पुनः परीक्षा का प्रश्नपत्र भी परीक्षा से पहले लीक होकर पेपर माफिया तक पहुंच गया था। इसके बाद 19 जनवरी 2026 को SOG थाने में अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई। हर्षवर्धन उर्फ पटवार से मिला था लीक पेपर जांच के दौरान पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ पटवार ने स्वीकार किया कि उसने अतुल मीणा सहित कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले लीक हुआ प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। पूछताछ में सामने आया कि अतुल मीणा ने 25 लाख रुपए देकर पेपर खरीदा था। रिश्तेदार के जरिए हुआ था 25 लाख का सौदा SOG जांच में खुलासा हुआ कि अतुल मीणा ने हर्षवर्धन के एक करीबी रिश्तेदार के जरिए 25 लाख रुपए में पेपर खरीदने का सौदा किया था। इसके बाद उसे परीक्षा से पहले लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता गिरफ्तार आरोपी अतुल मीणा वर्तमान में जल संसाधन विभाग, उपखंड कोटा में सहायक अभियंता (Junior Engineer) के पद पर कार्यरत है। करीब एक दर्जन प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठा था आरोपी SOG की जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल मीणा ने इस भर्ती के अलावा करीब एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी हिस्सा लिया था, लेकिन उसे किसी अन्य परीक्षा में सफलता नहीं मिली। 5 अगस्त तक पुलिस रिमांड गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 5 अगस्त तक पुलिस कस्टडी (PC) में भेजा है। SOG उससे पूछताछ कर अन्य अभ्यर्थियों, पेपर उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और पूरे पेपर लीक गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रही है। एडीजी SOG विशाल बंसल कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है। अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।