स्वरूपगंज रेलवे स्टेशन के पास डीएफसीसी लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वरूपगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फिलहाल मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, सरुपगंज थाने से एएसआई लक्ष्मण राम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई शुरू की और युवक की पहचान के प्रयास किए। पहचान न होने पर, पुलिस ने समाजसेवी अर्जुन कुमार की मदद से शव को सरुपगंज के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक युवक नितोड़ा निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने संभावित परिजनों को मौके पर बुलाया है ताकि वे शव की सही पहचान कर सकें। शव की पहचान होने और परिजनों की रिपोर्ट के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में डीएफसीसी रेलवे लाइन तक पहुंचा।