कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। ट्रांसफार्मर में करंट फैलने से युवक उसकी चपेट में आ गया। घटना आज दोपहर करीब 12 बजे की है। मृतक की पहचान सांगोद थाना क्षेत्र के मालीहेड़ा निवासी मुकुट मीणा (35) के रूप में हुई है। मुकुट मीणा वर्तमान में बालाजी आवाजा, डी-ब्लॉक, बक्शी स्कूल के पीछे, देवली अरब रोड पर परिवार के साथ रहता था। मुकुट मीणा घर के बाहर गन्ने के जूस का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उनके दो छोटे बेटे हैं। परिजनों ने बिजली कंपनी पर लगाया लापरवाही का आरोप मुकुट की मौसेरी बहन सरिता मीणा ने बताया कि घर के बाहर ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जो पिछले छह महीने से खुला पड़ा था। मुकुट अपने घर के पास से निकल रहा था, तभी अचानक ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। एमबीएस अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहन सरिता ने कहा कि हमने कई बार ट्रांसफॉर्मर खुले पड़े होने की शिकायत बिजली कंपनी KEDL से की गई, लेकिन कंपनी ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई है। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बोरखेड़ा थाना पुलिस को KEDL की कथित लापरवाही के संबंध में शिकायत दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
