कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के पार्टी में व्यक्तिगत ब्रांडिंग को लेकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तंज कसने के बाद अब डैमेज कंट्रोल शुरू हो गया है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पूरे घटनाक्रम को लेकर सफाई देते हुए दावा किया है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कोई नाराजगी नहीं जताई, हम सब एकजुट हैं। कल जॉइनिंग जैसा कुछ नहीं था। जॉइनिंग नेताओं की होती है, कार्यकर्ताओं की नहीं। पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के साथ बीएपी से कांग्रेस में आए कार्यकर्ताओं ने गहलोत के बंगले पर चौथी बार उन्हें सीएम बनाने के नारे लगाए थे। इसके बाद जब कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय गए, तो वहां डोटासरा ने मालवीय को खरी-खरी सुनाने के साथ नारेबाजी को लेकर गहलोत का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा था। पूर्व सीएम गहलोत ने कही ये 3 बड़ी बातें 1. अध्यक्षजी क्या नाराजगी जताएंगे पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- हम सब एक हैं, एक होकर चलेंगे, एक होकर सरकार बनाएंगे और राजस्थान में सरकार बनना निश्चित है। बाकी सारी बातें छोड़ दीजिए। नाराजगी न अध्यक्षजी (गोविंद डोटासरा) की है और न मेरी है। अध्यक्षजी क्या नाराजगी जताएंगे, उन्होंने कोई नाराजगी नहीं जताई। उन्हें जो महसूस हुआ, उन्होंने वो बता दिया। मीडिया वालों ने बार-बार सवाल पूछे होंगे, तो जो बात उनकी जानकारी में नहीं होगी, उस पर वो क्या जवाब देंगे? पूरी कांग्रेस एकजुट है। 2. मालवीय के कार्यकर्ता आए थे, जॉइनिंग नेताओं की होती है कार्यकर्ताओं की नहीं गहलोत ने आगे कहा- महेंद्रजीत सिंह मालवीय कार्यकर्ताओं के साथ मुझसे मिलने आए थे। मैंने भी उनसे कहा और उन्होंने खुद भी पीसीसी चीफ से समय ले लिया था कि वहां जाकर आशीर्वाद ले लेंगे और अध्यक्षजी से मिल लेंगे। इसमें और कोई बात थी ही नहीं, न जॉइनिंग की बात थी और न ही जॉइनिंग की कोई चर्चा हुई। वे तो केवल कार्यकर्ता थे, जॉइनिंग नेताओं की होती है; लगभग 400 कार्यकर्ता आए थे। कार्यकर्ता तो पार्टी का काम करता है, वो कब आए और कब वापस चले गए, ये तो स्थानीय कार्यकर्ता हैं, अगर उनका भारत आदिवासी पार्टी (BAP) से मोहभंग हो रहा है और वे कांग्रेस में आ रहे हैं, तो उनका स्वागत किया जाना चाहिए। 3. बांसवाड़ा के कार्यकर्ता मिलने की जिद कर रहे थे, 20-25 दिन से बात चल रही थी गहलोत ने कहा- कल बांसवाड़ा से कार्यकर्ता केवल मिलने के लिए आए थे, जॉइनिंग जैसी कोई बात नहीं थी। मुझे बताया गया था कि बांसवाड़ा के कार्यकर्ता मिलने की जिद कर रहे हैं और 20-25 दिन से यह बात चल रही थी। मैं लगातार मना कर रहा था कि यहां आने की जरूरत नहीं है, मैं खुद बांसवाड़ा आऊंगा और वहीं मिलूंगा। अब 500 किलोमीटर बस लेकर कोई आए तो मुझे भी अजीब लगता है, इसलिए मैं हमेशा मना करता हूँ। जब भी कोई दूर-दराज से मिलने की बात करता है, तो मैं कहता हूं कि जयपुर आने की जरूरत नहीं है, मैं खुद दौरा बनाकर वहीं मिल लूँगा। लेकिन इन लोगों ने मिलने की ज़िद ही पकड़ ली थी। जब महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने बार-बार आग्रह किया, तब मैंने कहा कि बुला लीजिए। —- गहलोत से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…. डोटासरा का गहलोत पर तंज, खुद की ब्रांडिंग उनको मुबारक:बोले-व्यक्तिवाद का नुकसान कांग्रेस ने झेल लिया, एक बार सरकार में आते हैं फिर नहीं आते कांग्रेस मुख्यालय की जगह पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बंगले पर बीएपी कार्यकर्ताओं को पार्टी जॉइन कराने पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तंज कसा। डोटासरा ने गहलोत का बिना नाम लिए कहा- कोई व्यक्ति अपनी ब्रांडिंग के लिए काम करे वह उनको मुबारक हो। गोविंद डोटासरा कांग्रेस के लिए काम करता है। जब तक कांग्रेस में हूं कांग्रेस के लिए काम करूंगा, व्यक्ति की ब्रांडिंग के लिए मैं काम नहीं करूंगा। पढ़ें पूरी खबर
