कोटा शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। एक तरफ देर रात चार नकाबपोश बदमाश सूने मकान में घुस गए, वहीं दूसरी तरफ दिनदहाड़े शातिर चोर 11 सेकेंड में डुप्लीकेट चाबी की मदद से बाइक चोरी कर फरार हो गया। पहली घटना नयापुरा थाना क्षेत्र की न्यू आकाशवाणी कॉलोनी की है। बुधवार देर रात करीब साढ़े 3 बजे 4 नकाबपोश बदमाश एक सूने मकान को निशाना बनाकर पहुंचे। बदमाशों ने पहले मकान की ग्रिल उखाड़ी और फिर कांच तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। इसी दौरान पड़ोसियों को संदिग्ध आवाज सुनाई दी। जैसे ही आसपास हलचल हुई, बदमाश घबरा गए और बिना कोई सामान चुराए मौके से फरार हो गए। मकान मालिक कन्हैयालाल गैहानी ने सुबह घटना की जानकारी मिलने पर नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। नयापुरा थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ ही मिनटों में युवक ने उड़ाई बाइक वहीं दूसरी घटना दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के शक्ति नगर इलाके की है, जहां दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित पुरुषोत्तम मीणा ने बताया कि वह दोपहर करीब एक बजे पार्सल देने गए थे और अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर दी थी। कुछ ही मिनटों में दो युवक मौके पर पहुंचे, पहले रेकी की और फिर डुप्लीकेट चाबी से बाइक स्टार्ट कर चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर दादाबाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।