अजमेर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा- हनुमान बेनीवाल अलग तरीके के राजनीतिज्ञ हैं, जो सिर्फ गिद्ध टाइप की राजनीति करते हैं। जहां कहीं भी नेगेटिव सेंटिमेंट दिखता है, उसे बनाने का प्रयास करते हैं। जहां इनको जरूरत पड़ती है, बंद कमरे में जाकर नेताओं के पैर छू लेते हैं। कभी कहते हैं कि मैं इस सरकार में आ जाता हूं। कभी कहते हैं कि मैं उस सरकार में आ जाता हूं। उनकी बात को मैं बहुत सीरियसली नहीं लेती। नगर निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने गुरुवार को अजमेर के भुनाबाय स्थित संभाग कार्यालय में चुनाव संचालन समिति की बैठक कर चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया। इस दौरान डॉ. ज्योति मिर्धा ने यह कहा। ज्योति मिर्धा ने कहा- हनुमान बेनीवाल की कोशिश रहती है कि लोगों को किस तरीके से गांवों में बरगलाया जाए। मिर्धा बोलीं- बेनीवाल सिर्फ नकारात्मक माहौल भुनाने की राजनीति करते हैं डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा- हनुमान बेनीवाल की कोशिश रहती है कि भाजपा से नाराज या बागी नेताओं को अपने साथ जोड़कर राजनीतिक फायदा उठाया जाए। अब जनता उनकी राजनीति को समझ चुकी है। जिन क्षेत्रों को आरएलपी का गढ़ माना जाता था, वहां भी पार्टी का प्रभाव कम हुआ है। कांग्रेस की स्थिति भी नागौर में कमजोर है, जिसका लाभ भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा- भाजपा नागौर में कमजोर नहीं है। जिले के पांच विधायकों में चार भाजपा के हैं। पार्टी नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। ज्योति मिर्धा ने कहा- गांव और शहर के लोगों की जिंदगी पर सबसे अधिक असर इन्हीं चुनाव का पड़ता है, इसलिए संगठन पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अजमेर संभाग प्रभारी अशोक परनामी ने की। बैठक में संभाग के सभी जिलों के विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। परनामी बोले- 6 जिलों की चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन संभाग प्रभारी अशोक परनामी ने कहा- बैठक में अजमेर संभाग के 6 जिलों के जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, प्रधान, जिला प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया। बैठक का उद्देश्य नगर निगम, नगर परिषद, नगर निकाय, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भारी बहुमत से जीत की रणनीति तैयार करना है। परनामी ने कहा- भाजपा केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा- भजनलाल शर्मा सरकार ने यमुना जल समझौते को आगे बढ़ाया है। ईआरसीपी योजना को धरातल पर उतारने का काम किया है। किसानों को 27 जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार विकास के हर मोर्चे पर काम कर रही है। पेपर लीक पर कांग्रेस को घेरा संभाग प्रभारी अशोक परनामी ने कहा- पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही SIT का गठन कर दोषियों को जेल भेजा और अब तक एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया। उन्होंने दावा किया- सरकार अब तक 1.37 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है, जबकि 85 हजार भर्तियां प्रक्रिया में हैं। सरकार का लक्ष्य 6 लाख रोजगार उपलब्ध कराना है। ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ लागू करने की तैयारी अशोक परनामी ने कहा- राजस्थान ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में टिकट उसी कार्यकर्ता को मिलेगा, जो जिताऊ, टिकाऊ और संगठन के प्रति समर्पित होगा।