जोधपुर के बासनी थाने में एक महिला को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी पत्नी की फोटो को एआई (AI) तकनीक से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और डरा-धमकाकर 5 लाख 75 हजार रुपये ऐंठ लिए। मामले की जांच कर रहे सरदारपुरा थानाधिकारी किशनलाल विश्नोई ने बताया- पीड़िता के पति ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता का संपर्क एक अज्ञात व्यक्ति से हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को एआई (AI) से एडिट कर अश्लील बनाया और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग शुरू कर दी। लोक-लाज के डर से पीड़िता घबरा गई और उसने आरोपी के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़िता के पति को इस पूरे मामले की भनक लगी, तो वह तुरंत थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उसकी डिटेल्स (जानकारी) खंगालना शुरू कर दिया है।
