पाली शहर में आवारा डॉग्स का खौफ थम नहीं रहा है। शहर के सरदार पटेल नगर और सुभाष नगर इलाके में एक डॉग ने कुछ घंटों में ही दो मासूम बच्चों, एक महिला और रेलवे पटरी पर काम कर रहे मजदूरों सहित पांच लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर में घर के बाहर बैठे कुणाल(10) की जांघ पर डॉग ने अचानक हमला कर दिया। इसके तुरंत बाद उसी डॉग ने सरदार पटेल नगर की रहने वाली 4 साल की बच्ची कविता की कमर पर काट लिया। बच्चों के चिल्लाने पर परिजनों ने किसी तरह डॉग को वहां से भगाया, लेकिन उसके बाद डॉग रेलवे पटरी की ओर चला गया। रेलवे पटरी के पास काम कर रहे मजदूर हकीम उल(20) के पैर पर जब डॉग ने हमला किया, तो हकीम दर्द से चिल्लाने लगा। उसे बचाने आए कालूराम(40) पर भी डॉग ने हमला किया। इसके बाद मौजूद लोगों ने डंडों की मदद से डॉग को भगाया। इसके बाद भी वहां से गुजर रही एक महिला को काटा। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उनके परिजन और साथी मजदूर इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका एंटी-रेबीज इलाज जारी है। एक ही डॉग द्वारा लगातार पांच लोगों को काटने की घटना से लोगों में नगर परिषद और प्रशासन के प्रति गुस्सा है। लोगों ने प्रशासन से खूंखार आवारा डॉग्स को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
