नाथद्वारा में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने 24.17 ग्राम अवैध एमडी के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की डीलक्स बाइक भी जब्त की है। एसपी हेमंत कलाल एवं वृताधिकारी शिप्रा राजावत के निर्देशन में थानाधिकारी विक्रम सिंह और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। थाना इंचार्ज के अनुसार क्षेत्र में एमडी की बिक्री की लगातार जानकारी मिलने के बाद उपली ओडन कच्छवाई बाग के पास बृज भूमि जाने वाले तिराहे पर विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। वाहन के दस्तावेज नहीं होने और संदिग्ध गतिविधियों के चलते उसकी तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैली में 24.17 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागोटा, राजनगर निवासी सोहन सिंह(28) पुत्र हिम्मत सिंह राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच खमनोर थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी को सौंपी है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।