खैरथल जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के गांव टीहली में शनिवार शाम तेज रफ्तार थार की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका के परिजनों ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए थार सवार युवकों पर पूर्व नियोजित तरीके से वाहन चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार टीहली निवासी अजीत सिंह पुत्र रतनलाल गुर्जर ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे उनके भतीजे जगत सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान परिवार के सदस्य और मजदूर मौके पर मौजूद थे। तभी काले रंग की एक थार में सवार 3-4 युवक बार-बार मकान के सामने तेज गति से वाहन लाकर ब्रेक लगाने और सीटी बजाकर अभद्र हरकतें करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद वही थार तेज रफ्तार से लौटकर आई और आरोपियों ने कथित रूप से परिवार के सदस्यों को कुचलने की नीयत से वाहन उनकी ओर मोड़ दिया। अजीत सिंह तो एक ओर कूदकर बच गए, लेकिन उनकी मां मोहरली देवी थार की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक ने वाहन पीछे लेकर भतीजे जगत सिंह को भी टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। भाई चरण सिंह भी हादसे में घायल हो गए, जिनके पैर में फ्रैक्चर और अंगुली टूटने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों का आरोप है कि थार सवार युवक गुरुग्राम के पंचगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं और रायखेड़ा गांव में उनका फार्म हाउस है। उनका कहना है कि आरोपी पिछले कई दिनों से इलाके में आकर इस तरह की हरकतें कर रहे थे और विरोध करने पर पूरे परिवार को वाहन से कुचलने की धमकी भी दी थी।