कोटा शहर पुलिस ने शिवराज सिंह गैंग के एक सक्रिय सदस्य को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी कोटा शहर में किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। फिलहाल पुलिस उससे हथियार की खरीद-फरोख्त और गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध हथियार, मादक पदार्थ, साइबर अपराधियों और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अनंतपुरा थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखी। आरोपी चौथ वसूली, रंगदारी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा पुलिस के अनुसार, हरविंदर सिंह शिवराज सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के लिए चौथ वसूली, रंगदारी और फिरौती जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में कैथूनीपोल थाने में भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों और हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
