बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। पिछले 24 घंटे में जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 49 मिमी बारिश शिव क्षेत्र में हुई, जबकि सबसे कम 2 मिमी बारिश गडरारोड में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। आंधी के बाद शुरू हुई बारिश, बिजली गिरने से घर जलकर राख बुधवार को दिनभर उमस रहने के बाद शाम को तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुककर देर रात तक जारी रही। इसी दौरान धनाऊ क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से गोगाराम पुत्र दमाराम मेघवाल की पूरी ढाणी जलकर राख हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान भी आग में जल गए। हालांकि आग लगते ही परिवार के लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। तापमान में आई गिरावट, शाम को फिर शुरू हुई रिमझिम बारिश गुरुवार को अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से उमस बनी रही और दिनभर बादलों की आवाजाही होती रही। शाम होते-होते हवा के साथ फिर रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुककर रात तक जारी रही। बारिश में फिर फेल हुआ शहर का ड्रेनेज सिस्टम बारिश होते ही बाड़मेर शहर के निचले इलाकों विष्णु कॉलोनी, गांधी नगर, शिव नगर, जाट कॉलोनी, रामनगर और बलदेव नगर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर का पानी निकालने के लिए शहीद सर्किल से जाने वाला एकमात्र नाला कुड़ला से पहले कई जगह से टूटा हुआ है, जिससे बारिश के दौरान ड्रेनेज व्यवस्था प्रभावित हो रही है।