भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार शाम जयपुर में कॉन्स्टेबल नवरथ मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मुहाना थाना क्षेत्र में आपातकालीन सेवा 112 ईआरवी (ERV) में तैनात है। आरोपी पर एक परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के परिवार की सब्जी की दुकान है। आरोप है कि कॉन्स्टेबल नवरथ मीणा ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। साथ ही पीड़ित परिवार को लगातार धमकाने और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का भी आरोप है। एसीबी ने बिछाया जाल, 20 हजार की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी (ACB) के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर एएसपी झाबरमल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी कॉन्स्टेबल नवरथ मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के घर पर सर्च, दूसरे कॉन्स्टेबल सुरेश की भूमिका भी संदिग्ध गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कॉन्स्टेबल के घर भी पहुंची, जहां तलाशी अभियान चलाया गया। एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसकी आय से अधिक संपत्ति सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस पूरे मामले में एक अन्य कॉन्स्टेबल सुरेश की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।