झुंझुनूं में घर से निकलते ही बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने कुचल दिया। बाइक बस के अगले टायरों के नीचे फंस गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर विरोध जताया, जबकि महिलाओं ने बस के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर हालात संभाले। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे मंडावा में फतेहपुर रोड स्थित डाबड़ी हाउस के पास हुआ। पहले देखें … घटना से जुड़ी तस्वीरें घर से निकले, कुछ ही दूरी पर बस ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, मंडावा के वार्ड नंबर-2 निवासी जितेंद्र सांसी (35) गुरुवार सुबह घर से बाइक लेकर निकले थे। घर से निकलते ही झुंझुनूं की ओर से आ रही खेतड़ी-बीकानेर रूट की तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ड्राइवर बस छोड़कर भागा, सड़क पर लगी भीड़ हादसे के बाद आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। टक्कर के बाद बस ड्राइवर बस को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यातायात भी पूरी तरह बाधित हो गया। महिलाओं ने बस के शीशे तोड़े, लोगों ने किया विरोध घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। खासकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बस के आगे बैठ गए और उसे वहां से हटाने नहीं दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पहुंची, लोगों को समझाने में जुटी हादसे और हंगामे की सूचना मिलते ही मंडावा थानाधिकारी चंद्रभान पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को काबू में करने के साथ आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बस चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
