झुंझुनूं में 7 साल की एक मासूम ने अनजाने में 5 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का उसकी आहार नली(फूड पाइप) के ऊपरी हिस्से में फंस गया। इसके कारण मासूम को सांस लेने में परेशानी होने लगी। दर्द से तड़प रही बच्ची को परिजन तुरंत जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बिना किसी चीर-फाड़ के एंडोस्कोपी के जरिए सिक्का निकालकर उसकी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, चिड़ावा क्षेत्र की गूगोजी की ढाणी निवासी बच्ची(7) ने खेल-खेल में 5 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का आहार नली के ऊपरी हिस्से में जाकर फंस गया। इससे मासूम को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। वह उल्टियां करने लगीं। इसे देख परिजन घबरा गए और उसे तत्काल झुंझुनूं के बीडीके जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हॉस्पिटल में पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र भाम्बू के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने बच्ची की जांच कर तत्काल इलाज शुरू किया। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा कृष्णिया, डॉ. राजेन्द्र पायल और डॉ. दुष्यंत बसेरा की टीम ने बिना किसी बाहरी चीरे के एंडोस्कोपी तकनीक का उपयोग करते हुए आहार नली में फंसा 5 रुपए का सिक्का बाहर निकाला। खास बात यह रही कि इस दौरान कोई चीर-फाड़ नहीं की गई। पीएमओ डॉ. जितेन्द्र भाम्बू ने बताया- बच्ची की हालत गंभीर थी और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी, इसके कारण मामला चुनौतीपूर्ण होता जा रहा था। लेकिन लेटेस्ट एंडोस्कोपिक तकनीक और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। इसके कारण जल्द ही सिक्का बिना सर्जरी किए बाहर निकाल लिया गया। पीएमओ ने बताया कि इलाज के बाद मासूम की हालत पूरी तरह सामान्य है और फिलहाल जरूरी मॉनिटरिंग में रखा गया है।