बीकानेर शहर में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। यह इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में लक्ष्मीनाथजी घाटी के नीचे स्थित गुलजार बस्ती के पास शाम करीब 5 बजे हुई। सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू को डिटेन कर लिया है। गले में पड़े गमछे से गला घोंट दिया
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि शाबिर(35) और मोहम्मद हुसैन के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को दोनों आमने-सामने आए तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद हुसैन ने शाबिर का गिरेबान पकड़ लिया और उसके गले में पड़े गमछे को खींचते हुए उसे जोर से झकझोर दिया। गला घोंट देने से शाबिर कुछ ही देर में अचेत होकर गिर पड़ा। काफी देर तक जब वह पड़ा रहा, तो आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी डिटेन, कल होगा पोस्टमॉर्टम
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन कर लिया। शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाबिर और मोहम्मद हुसैन एक-दूसरे के परिचित थे। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि आपसी कहासुनी के बाद विवाद अचानक बढ़ गया, जिसके कारण विवाद हिंसक हो गया। सीओ का कहना है कि कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।