भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) चित्तौड़गढ़ ने भूपालसागर थाने में तैनात एक कॉन्स्टेबल के खिलाफ 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के साथ लोगों को शिकायत करने के लिए भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहा विशेष अभियान एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि भूपालसागर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल सुरेश विश्नोई के खिलाफ शिकायत मिली थी कि परिवादी के बेटे और परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था, जिसकी जांच वही कर रहा था। आरोप है कि दोनों पक्षों में समझौता करवाने, थाने में दर्ज रिपोर्ट को खत्म करवाने और परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के बदले उसने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने नियमानुसार रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। रकम की व्यवस्था नहीं होने से ट्रैप नहीं हो सका, फिर दर्ज हुआ केस जांच के दौरान परिवादी 10 हजार रुपए की व्यवस्था नहीं कर पाया। बाद में आरोपी कॉन्स्टेबल ने भी दोबारा रिश्वत लेने के लिए नहीं बुलाया। इसके बाद परिवादी की सूचना और सत्यापन के आधार पर एसीबी ने 13 जुलाई को कॉन्स्टेबल सुरेश विश्नोई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। अब इस मामले की आगे की जांच एसीबी की इंटेलिजेंस यूनिट, उदयपुर कर रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और लोगों से बिना किसी डर के शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसीबी के स्थापना दिवस के अवसर पर 12 से 18 जुलाई तक पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी कार्यालयों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। साथ ही जिले में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

You missed