राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बुधवार को ‘ऑपरेशन टटपुंजिया 5.0’ के तहत फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने एक साल से फरार तस्कर हनुमानराम पुत्र भाखराराम विश्नोई (36), निवासी जोगाऊ, थाना झाब, जिला जालोर, को बागोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर जालोर पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। जांच में सामने आया कि हनुमानराम ने बीए और बीएसटीसी की पढ़ाई के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसने टेंट हाउस और पानी प्लांट का व्यवसाय शुरू किया। कम आमदनी होने पर वह तस्करों के संपर्क में आया और लालच में आकर डोडा-पोस्त व अफीम की सप्लाई करने लगा। बाद में वह मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर जालोर जिले में सप्लाई करने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ साल 2023 से एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह जैसलमेर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में छिपकर रह रहा था। वह अपना मोबाइल बंद रखता था और बातचीत के लिए दूसरों के फोन का इस्तेमाल करता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके। फर्जी नंबर प्लेट बनवा रहा था, पकड़ा गया
ANTF को सूचना मिली थी कि आरोपी परिवार के साथ बालाजी मंदिर में प्रसादी कार्यक्रम में आने वाला है। टीम ने निगरानी की, लेकिन आरोपी वहां से निकल गया। पीछा करते हुए टीम बागोड़ा पहुंची, जहां वह एक दुकान पर फर्जी नंबर प्लेट बनवाता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आईजी विकास कुमार ने बताया कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
