चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, बांसवाड़ा को राज्य स्तर पर आयोजित वर्चुअल समारोह में जनसंख्या स्थायित्व के इंडिकेटर्स में पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर राज्य स्तरीय अवॉर्ड (प्रशस्ति पत्र) से नवाजा गया। यह सम्मान प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम और आरसीएच निदेशक मधु रतेश्वर द्वारा प्रदान किया गया। PPIUCD में पूरे राजस्थान में रिकॉर्ड सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने न केवल जनसंख्या स्थायित्व के मानकों को पूरा किया, बल्कि पीपीआईयूसीडी निवेशन के क्षेत्र में भी पूरे राजस्थान में रिकॉर्ड बनाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए जिले को 4 लाख रुपए का नगद पुरस्कार भी मिला है। यह अवॉर्ड जिला कलेक्टर के कुशल मार्गदर्शन और परिवार कल्याण कार्यक्रमों के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिणाम है। फील्ड स्टाफ को समर्पित अवॉर्ड नोडल अधिकारी एवं एडिशनल सीएमएचओ डॉ. भरत राम मीणा ने इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड को धरातल पर पसीना बहाने वाले अपने जांबाज फील्ड स्टाफ को समर्पित किया है। उन्होंने कहा विपरीत और विकट परिस्थितियों में भी जिले के समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, एलएचवी, एएनएम और आशा सहयोगिनियों ने घर-घर जाकर जो जन-जागरूकता फैलाई, आज उसी का परिणाम है कि बांसवाड़ा का नाम राज्य स्तर पर सबसे ऊपर चमक रहा है।
