श्रीगंगानगर में पाकिस्तान से ड्रोन से जरिए आई हेरोइन के मामले में तस्कर ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ड्रग ले जाने वाला तस्कर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। तस्कर के फोन में पाकिस्तान ड्रग हैंडलर के साथ की गई चैट भी मिली है। ये तस्कर अपने जीजा से पाकिस्तान से आई ड्रोन उठवाता था और खुद उसे सप्लाई करने का काम करता था। मामले में पुलिस ने 2 तस्करों और एक तस्कर की पत्नी को गिरफ्तार किया है। वहीं 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन पुलिस ने जब्त की है। जिसकी बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपए है। देर रात हुई कार्रवाई में आरोपियों ने नाकाबंदी से भागने की कोशिश की थी। इसमें एक पुलिसकर्मी की कार डैमेज हुई और कॉन्स्टेबल के सिर में चोट आई है। एसपी हरीशंकर ने बताया- पंजाब ड्रग्स ले जाने के मामले में धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (32) निवासी लुधियाना, पंजाब और जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी (34) निवासी सलेमपुरा, समेजा कोठी, श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जांच में जसविंदर सिंह के घर से भी हेरोइन का पैकेट मिला है, ऐसे में उसकी पत्नी नवजोत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में पूछताछ जारी है। पुलिसकर्मी की कार को टक्कर मारी एसपी हरीशंकर ने बताया- शुक्रवार देर शाम जैतसर थाना प्रभारी गोविंदराम को सूचना मिली कि पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन से गिराई गई हेरोइन लेकर दो आरोपी जैतसर क्षेत्र से पंजाब की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर 5 की पुली के आगे अनूपगढ़-सूरतगढ़ स्टेट हाइवे 6GB पर नाकाबंदी लगाई गई। कुछ ही देर बाद अनूपगढ़ की ओर से तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। पास में ही खड़े एक कॉन्स्टेबल के सिर पर चोट लग गई। इस दौरान उसने एक प्राइवेट कार (RJ13CE 1021) को टक्कर मार दी। जिसमें एक सिपाही के सिर पर गहरी चोट आई। जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर कार को पकड़ लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 20 पैकेट हेरोइन के अलावा 1.40 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं। यह नशे की खेप पंजाब में सप्लाई होने के लिए जानी थी। जीजा रिसीव करता था पाकिस्तान से आई ड्रग्स इधर, पुलिस पूछताछ में सामने आया- जसविंदर सिंह के जीजा बलविंदर सिंह ने बॉर्डर से सटे गांव 15 GD (अनूपगढ) श्रीगंगानगर से पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन से गिराई हेरोइन रिसीव की थी। ये कुल 21 पैकेट में थी। इसके बाद बलविंदर सिंह ने 20 पैकेट पंजाब में डिलीवरी करने के लिए जसविंदर को दे दिए जबकि एक पैकेट जसविंदर के घर भेज दिया। जब जसविंदर के गांव सलेमपुरा में समेजा कोठी थाना पुलिस ने दबिश दी तो उसके घर से 1 पैकेट हेरोइन मिली। जिसमें 511 ग्राम हेरोइन थी। मौके से जसविंदर सिंह की पत्नी नवजोत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया। पाकिस्तानी नंबरों पर चैटिंग मिली पुलिस इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि आरोपी जसविंदर सिंह पाकिस्तान के बड़े ड्रग्स हैंडलर के संपर्क में है। उसके मोबाइल से कई पाकिस्तानी नंबरों की चैटिंग मिली है, जो बॉर्डर पर से ड्रोन के जरिए हेरोइन गिरते हैं। जसविंदर सिंह ने अपने जीजा को हेरोइन लेने के लिए खेत में भेजा करता था। खरीदने वाले तीन लोग डिटेन पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से आगे हेरोइन खरीदने वाले 3 अन्य आरोपियों को भी डिटेन किया है। एसपी हरीशंकर ने कहा- सीमा सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर हम ड्रोन तस्करी पर लगातार नकेल कस रहे हैं। यह बड़ी सफलता है। आगे की जांच चल रही है।।पुलिस इस पूरे गिरोह की अन्य लिंक्स का पता लगाने और पाकिस्तान कनेक्शन की गहराई में छानबीन कर रही है।
