कोटपूतली में 26 जून को मोहर्रम (ताजिया) पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अपर्णा गुप्ता ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, कोटपूतली-बहरोड़ को ओवरऑल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, एसडीएम एवं उपखंड मजिस्ट्रेट कोटपूतली, बहरोड़, नीमराना, बानसूर, पावटा, नारायणपुर और विराटनगर को उनके संबंधित उपखंड मुख्यालय क्षेत्रों में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्यभार दिया गया है। 8 क्षेत्रों में तहसीलदार और कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
संबंधित तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेटों को कोटपूतली, बहरोड़, नीमराना, बानसूर, पावटा, नारायणपुर, विराटनगर और मांढण तहसील क्षेत्रों में नियुक्त किया गया है। वहीं, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेटों को उप तहसील क्षेत्र गण्डाला और हरसौरा में जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला कलेक्टर ने सभी नियुक्त मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में सांप्रदायिक सौहार्द, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्हें संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान देने, पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर भ्रमण करने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा गया है। बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश
कलेक्टर ने ये भी निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए उन्हें पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

You missed