पोकरण. कस्बे में बिगड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार की शाम तीन से चार घंटे बिजली गुल रहने के बाद रात में भी हल्की बारिश के दौरान करीब एक से दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। भीषण गर्मी से परेशान कुछ युवाओं का गुस्सा फूट गया और वे डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगे। कस्बे के वार्ड संख्या 4 में विद्युत समस्या को लेकर देर रात कुछ युवा डिस्कॉम कार्यालय पहुंचे। यहां वे विरोध प्रदर्शन करते हुए शोर मचाने लगे। यहां उपस्थित कर्मचारियों ने समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने और धक्का-मुक्की करते हुए सहायक अभियंता राहुल खोईवाल के आवास तक पहुंच गए। युवाओं का हो-हल्ला सुनकर स्थिति बिगडऩे की आशंका के चलते सहायक अभियंता खोईवाल व कनिष्ठ अभियंता राहुल गर्ग छत पर चले गए। युवाओं ने प्रदर्शन के दौरान आवास के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।