कोटा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बूंदी जिले में ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने तीन फॉरेस्ट गार्डों को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य फॉरेस्ट गार्ड को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है। आरोपी जेसीबी चलाने देने की एवज में परिवादी से 1 लाख रुपए महीना देने की डिमांड कर रहे थे। टीम ने आरोपी रूपाराम, रामावतार और विजेंद्र (फॉरेस्ट गार्ड) को बरदा डेम स्थित वन विभाग की चौकी पर रिश्वत लेते हुए पकड़ा। वहीं साबूलाल नामक फॉरेस्ट गार्ड को लक्ष्मीपुरा चौकी से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रुपए नहीं देने पर मशीन जब्त की दी धमकी एसीबी एडिशनल कोटा एसपी विजय स्वर्णकार ने बताया- परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी। वह ग्राम लक्ष्मीपुरा (बूंदी) में जेसीबी मशीन से खेत सुधार और खाद डालने का काम कर रहा था। 10 जून को वन विभाग के कर्मचारियों ने जेसीबी संचालित करने देने के बदले एक लाख रुपए प्रति महीने रिश्वत की मांग की और रकम नहीं देने पर मशीन जब्त करने की धमकी दी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा 50 हजार रुपए प्रतिमाह रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपियों ने परिवादी से 5 हजार रुपए जबरन वसूल लिए। इसके बाद सोमवार को पुलिस निरीक्षक चंद्रकंवर की अगुवाई में टीम बरदा डेम स्थित वन विभाग चौकी पहुंची। जहां परिवादी से तीनों आरोपियों को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।