उदयपुर में तेज गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। रविवार सुबह कुछ देर चली ठंडी हवा से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप और तपन का असर बढ़ता गया। दोपहर बाद तेज धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई और लोग लू के थपेड़ों से बचाव करते नजर आए। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है। गर्मी के चलते उदयपुर की प्रसिद्ध फतेहसागर झील की पाल, सहेलियों की बाड़ी और सज्जनगढ़ सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर रविवार (छुट्टी का दिन) होने के बावजूद पर्यटकों की संख्या बेहद कम रही। हालांकि, शाम को मौसम थोड़ा सुहावना होने पर लोग घूमने और झील में बोटिंग के लिए पहुंचे। अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 15 जून से तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं बारिश होने और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
