डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवसोमनाथ फला धारियावाड़ा गांव में एक 12 साल के बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल बंशीलाल ने बताया कि देवसोमनाथ निवासी लीलाराम अहारी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका 12 साल का बेटा मनोहर घर के पास खेलते समय कुएं में गिर गया। लोगों ने कुएं से निकाला बाहर, पहुंचाया अस्पताल
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मनोहर को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
