करौली-हिंडौन मार्ग पर मांढई गांव के पास नीलगाय से बचने के प्रयास में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पांच युवक घायल हो गए, जिन्हें करौली के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह ने बताया कि देर रात हिंडौन की ओर से आ रही दो बाइकें आगे-पीछे चल रही थीं। मांढई के समीप सड़क पर अचानक एक नीलगाय आ गई। आगे वाली बाइक नीलगाय से टकराकर गिर गई और पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी उससे टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में घायल हुए युवकों में होली खिड़किया निवासी अरुण महावर और साकिर, ढोलीखार निवासी रिजवान और साजिद शामिल हैं। एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। नत्थीलाल महावर ने बताया कि उनका पुत्र और अन्य युवक करौली से हिंडौन गई बारात में शामिल होकर वापस करौली लौट रहे थे।
