कोटपूतली पुलिस और डीएसटी ने अवैध हथियारों को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश सचिन दायमा को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और 5 खाली मैगजीन और अवैध हथियारों की सप्लाई में काम में ली गई एक बाइक जब्त की है। टीम ने 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश सचिन दायमा को गिरफ्तार किया है। एसपी सतवीर सिंह ने बताया- 10 जून को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान स्विफ्ट कार से पांच युवकों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस और मारपीट के इरादे से तैयार किए गए हथियार मिले। पूछताछ में सभी ने हथियार सचिन दायमा से खरीदना बताया था। इस पर पुलिस ने सचिन दायमा की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लोकेशन ट्रेस कर की नाकाबंदी इस दौरान टीम कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र और सत्यपाल ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद उन्होंने कोटपूतली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कल्याणपुर पुलिया से भालोजी गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की गई। इसके बाद आरोपी सचिन दायमा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6 देशी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और 5 खाली मैगजीन बरामद हुईं। साथ ही, अवैध हथियारों की सप्लाई में काम में ली गई बाइक जब्त की। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक आपराधिक गिरोह संचालित कर रहा था, जो अवैध हथियारों की खरीद, बिक्री और सप्लाई का काम करता था।
