फलोदी के तीन तालाबों के एकीकरण का कार्य ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत प्रगति पर है। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने शनिवार को इन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने तालाब क्षेत्र से झाड़ियों की सफाई और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के भी सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि तालाबों का पुनर्जीवन और झील निर्माण जल, पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा का अभियान है। एसडीएम पूजा चौधरी और नगर परिषद आयुक्त अनिल विश्नोई को नियमानुसार अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला कलेक्टर ने बताया कि जनभागीदारी से चल रहा ये अभियान केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है। ये आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का एक प्रेरणादायक मॉडल बन रहा है। उन्होंने स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों और आमजन की भागीदारी को इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
