डूंगरपुर जिले के चितरी थाना क्षेत्र में कसारिया गांव के पास एक क्रूजर जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक ही गांव के 13 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार यह जीप बडगी गांव से कसारिया की ओर जा रही थी। कसारिया के निकट एक मोड़ पर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे जीप सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही चितरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को जीप से बाहर निकाला गया और सागवाड़ा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है।
