अलवर शहर के सबसे व्यस्त बाजार होपसर्कस के आसपास शुक्रवार को नगर निगम और यूआईटी (UIT) का दस्ता अतिक्रमण हटाने पहुंच गया। टीम ने दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों को खाली कराया और सड़क बाधित कर खड़ी की गईं 8 से 10 बाइकों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच कुछ दुकानदारों ने निगम अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी की, लेकिन भारी पुलिस जाब्ते के आगे उनकी एक न चली। बरामदों के बाहर तक फैला था अतिक्रमण होपसर्कस और उसके आसपास के बाजारों में स्थिति यह हो चुकी है कि पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए फुटपाथ तो दूर, सड़क पर भी जगह नहीं बची है। दुकानदारों ने न सिर्फ अपनी दुकानों के आगे के बरामदों पर कब्जा कर रखा है, बल्कि उसके बाहर भी चबूतरे और सामान रखकर सड़कों को संकरा कर दिया है। इसी शिकायत पर शुक्रवार को यह बड़ी कार्रवाई की गई। अवैध चबूतरे खाली कराए, बाइकें जब्त दुकानों के आगे बढ़े हुए अवैध चबूतरों और थड़ों को पूरी तरह साफ कराया गया। सड़क पर बेतरतीब खड़ी बाइकों और ठेलों को क्रेन की मदद से जब्त कर लिया गया। कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ दुकानदारों ने निगम टीम को रोकने की कोशिश की। अधिकारियों से नोकझोंक हुई, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें पीछे धकेल दिया। ‘अभी थमेगी नहीं कार्रवाई’ नगर निगम की ईओ निशा लखानी ने बताया – अलवर शहर में पिछले कई दिनों से नगर निगम और यूआईटी की यह संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। शहर के मुख्य बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करना उनकी प्राथमिकता है। व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा सड़कों पर सामान या अवैध कब्जा पाया गया, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ सामान सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।