एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। अभ्यर्थी के पिता ने 45 लाख रुपए में उसके लिए पेपर खरीदा था। एसओजी आरोपी के पिता को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि दौसा के रहने वाले स्वरूपचंद मीणा ने पेपर लीक के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा से 45 लाख रुपए में पेपर का सौदा किया था। स्वरूपचंद ने यह पेपर अपने बेटे बृजेश कुमार मीणा (27) के लिए खरीदा था, जिसे परीक्षा से पहले ही सॉल्व्ड पेपर उपलब्ध कराया गया था। लिखित परीक्षा में हासिल किए थे अच्छे अंक एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि बृजेश कुमार मीणा की लिखित परीक्षा 15 सितंबर 2021 को अजमेर में हुई थी। बृजेश कुमार ने हिंदी विषय में 200 में से 116.23 अंक और सामान्य ज्ञान (जीके) में 200 में से 126.01 अंक प्राप्त कर अवैध रूप से लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी। हालांकि, वह फिजिकल टेस्ट में असफल होने के कारण अंतिम रूप से एसआई पद पर चयनित नहीं हो पाया। पहले भी 2 भर्ती परीक्षाओं में सामने आ चुका है नाम एसओजी ने आरोपी बृजेश कुमार मीणा (निवासी ग्राम टिकरी जाफरान, थाना महुआ, जिला दौसा) को 9 जून 2026 को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही 2 मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामला हाई कोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़ा है। आरोपी ने अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाया था। इसमें आरोपी का चयन भी हो गया था। आरोपी ने एमटीएस भर्ती परीक्षा-2022 में अभ्यर्थी के स्थान पर डमी बनकर परीक्षा दी थी। पेपर लीक सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा और आरोपी के पिता स्वरूपचंद मीणा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी दोनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट (आरोप पत्र) पेश कर चुकी है। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में अब तक 145 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।