डीग जिले में एसपी शरण गोपीनाथ के. कांबले ने गुरुवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई की। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने डायल-112 सेवा के एक ड्राइवर को हार्डकोर अपराधी से फोन पर बात करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। एसपी कांबले देर रात जिले में कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान डायल-112 वाहन का ड्राइवर राजकुमार अपने मोबाइल पर भंडारा गांव के कुख्यात अपराधी पप्पू से बातचीत कर रहा था। एसपी बोले- अपराधि​यों से सांठगांठ बर्दाश्त नहीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल पूछताछ की। प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी और अपराधी के बीच संदिग्ध संपर्क पाए जाने पर ड्राइवर राजकुमार को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया। उसे डायल-112 सेवा से भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों से किसी भी प्रकार की सांठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस महकम में मचा हड़कंप
एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इससे आमजन के बीच यह संदेश गया है कि कानून के रखवाले यदि नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसपी कांबले ने जोर देकर कहा, “अपराधियों से संबंध रखने वाले या उन्हें संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की छवि और जनता का विश्वास बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”