जोधपुर नगर निगम की ओर से अवैध अतिक्रमण और कपड़ा फैक्ट्री को लेकर कार्रवाई जारी है। नगर निगम टीम की ओर से बुधवार को भी अवैध फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करते हुए इन्हें तोड़ा गया। नगर निगम की ओर से शहर के बासनी तंबोलिया और मंडोर के पहाड़ियों के बेरा में ये कार्रवाई की गई। निगम के अतिक्रमण और ​विजिलेंस प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया- ये लोग रात में अवैध कपड़े के रंगाई-छपाई की फैक्ट्री चलाते थे। इतना ही नहीं ये लोग पकड़े नहीं जाएं, इसके लिए बांस और लोहे का ढांचा बना रखा था। जब बासनी में कार्रवाई के दौरान एक मकान को गिराया गया तो वहां भी बड़ी संख्या में कपड़ों की गांठ मिली। यह कार्रवाई उप-आयुक्त जलज घसिया के निर्देशन में की गई। कॉलोनी में संचालित हो रही थी फैक्ट्रियां नगर निगम के अतिक्रमण और ​विजिलेंस प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया- कपड़े की रंगाई-छपाई की दोनों फैक्ट्री रहवासी कॉलोनी में संचालित हो रही थी। टीम जब मंडोर पहुंची तो स्ट्रक्चर को लोहे के एंगलों से ढंका हुआ था। यहां 8 हौदियां मिली। यहां काम करने वाले लोगों के लिए कमरा भी बनाया हुआ था। टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे स्ट्रक्चर को ढहाया। बासनी तंबोलिया में मिली दो बड़ी हौदियां, कपड़ों के गांठें मिली टीम ने बासनी तंबोलिया में एक अवैध कपड़े के रंगाई-छपाई की फैक्ट्री पर कार्रवाई की। यहां बांस से कपड़े सुखाने का स्ट्रक्चर तैयार कर रखा था। यहां 2 बड़ी-बड़ी हौदियां ​भी मिली। इसमें कपड़ों की धुलाई के लिए गांठें रखी हुई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए इन हौदियों को तोड़ा। इतना ही नहीं यहां बने कमरों को भी जेसीबी से जोड़ा गया। जब इन कमरों को तोड़ा तो यहां भी बड़ी संख्या में कपड़े की गांठे निकली। रजनीश बारासा ने बताया- ये लोग पकड़े न जाएं, इसके लिए रात करीब 11 बजे बाद इन फैक्ट्रियों में काम करते थे। इस दौरान गणेश घारु और सुरेश हंस भी मौजूद रहे।