जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग परिसर में आने वाले फरियादियों (परिवादियों) के लिए ‘आपणो मीठो ठंडो पाणी रो स्थल’ (शीतल जल मंदिर) और ‘डॉ. जेसी जैन स्मृति विश्राम स्थल’ का लोकार्पण किया गया है। उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील की सकारात्मक पहल पर प्रशासन और भामाशाहों के सहयोग से यह जनहित कार्य पूरे किए गए हैं, ताकि कोर्ट आने वाले लोगों को कड़कड़ाती धूप से राहत और शुद्ध पेयजल मिल सके। ​ कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित करके की गई। इस अवसर पर पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश अजय गोदारा, पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश इसरार खोखर, एससी-एसटी कोर्ट के न्यायाधीश बीएल चंदेल, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील और सदस्य प्रमेन्द्र कुमार सैनी सहित कई उच्चाधिकारियों ने फीता काटकर इन सुविधाओं को जनता को समर्पित किया। सूरत प्रवासी सुमित्रा देवी बंका एवं कैलाश चंद बंका की स्मृति में उनके परिवार (बुलिश बंका एवं पुलकित बंका) के सौजन्य से यहां 500 लीटर क्षमता का आधुनिक वाटर फिल्टर (RO) और चिलर प्लांट लगाया गया है। इससे सभी परिवादियों, वकीलों और कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को ठंडा व मीठा पानी मिलेगा। ​डॉ. जेसी जैन स्मृति विश्राम स्थल स्वर्गीय डॉ. कुंदन बाला जैन एवं डॉ. जेसी जैन की स्मृति में बने इस विश्राम स्थल पर सीमेंट की 9 बेंचें लगाई गई हैं। धूप और बारिश से बचाव के लिए विश्राम स्थल पर मजबूत शेड लगाया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि जब अधिकारी और भामाशाह सकारात्मक सोच के साथ मिलकर काम करते हैं, तो धरातल पर पीड़ित को सच्ची राहत मिलती है। ​समारोह में यह भी सामने आया कि उपभोक्ता आयोग में बतौर सदस्य और अध्यक्ष के रूप में मनोज कुमार मील ने 2,380 दिनों का कार्यकाल पूरा किया है, जो देश भर में एक अनूठा रिकॉर्ड है। ​एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने जिला अभिभाषक संस्था (बार एसोसिएशन) के पूर्व अध्यक्षों और जिले की विभिन्न तहसीलों (चिड़ावा, बुहाना, पिलानी, सूरजगढ़, नवलगढ़, उदयपुरवाटी) से आए बार अध्यक्षों को मंच पर सम्मानित किया। ​कार्यक्रम के संयोजक डॉ. डीएन तुलस्यान और नरेंद्र व्यास ने बताया कि इस मौके पर लायंस क्लब, श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के पदाधिकारियों सहित शहर के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता मौजूद रहे।