राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) द्वारा आयोजित सीनियर महिला टी-20 चैंपियनशिप में दौसा महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मुकाबले में सिरोही को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। अलवर के सूरत क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में दौसा ने एकतरफा जीत दर्ज कर विजयी शंखनाद किया। टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी दौसा की टीम ने कसी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का प्रदर्शन किया। दौसा की ओर से निधि सैनी ने 3 विकेट, कृति उपाध्याय ने 2 विकेट तथा याना वर्मा और सोनम सैनी ने 1-1 विकेट हासिल किया। शानदार गेंदबाजी के दम पर सिरोही की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 80 रन ही बना सकी। ऑपनर जोड़ी ने दिलाई जीत 81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दौसा की सलामी जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। तनिका शर्मा ने 29 गेंदों में 54 रन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि याना वर्मा ने 24 गेंदों में 26 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए टीम को 8.3 ओवर में 84 रन तक पहुंचाकर 10 विकेट से शानदार जीत दिलाई। अगला मुकाबला अलवर से जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों, टीम मैनेजर शोभना गुर्जर और कोच प्रेम सिंह नाथावत को बधाई दी। उन्होंने बताया कि दौसा का अगला मुकाबला मंगलवार को मेजबान अलवर के खिलाफ खेला जाएगा। साथ ही आगामी मैचों के लिए टीम की रणनीति पर भी चर्चा की गई।