नागौर जिले के जायल क्षेत्र में झल्लालड़-मेहरवास रोड स्थित एक खेत में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेजड़ी के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर जायल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। युवक गुढ़ामालानी का रहने वाला मृतक की पहचान राकेश शर्मा निवासी डबोई, गुढ़ामालानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक का ससुराल मेहरवास गांव में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जायल उप जिला चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा। अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जायल थानाधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि युवक का शव मिलने कि सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों को सूचित किया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
