चूरू के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फॉल सीलिंग का काम करते समय एक मजदूर 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। बलरामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 25 वर्षीय आशीष मंगलवार को काम कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। नीचे गिरने से उसकी गर्दन में गंभीर चोट आई। साथी मजदूरों ने उसे डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मिली जानकारी के अनुसार आशीष मंगलवार को अस्पताल के एक कमरे में फॉल सीलिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करीब 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। इस हादसे में उसके सिर और गर्दन के पीछे गंभीर चोटें आई हैं। घटना तब सामने आई जब आशीष नीचे गिरने के बाद फर्श पर बैठा था और पास से गुजर रहे अन्य साथी मजदूरों ने उसे देखा। उन्होंने आशीष से पूछताछ की, जिसके बाद घटना का पता चला। फिलहाल, घायल आशीष की हालत सामान्य बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।