गुरुग्राम जिले में पुलिस ने कार चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई एक कार, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, ड्रिल मशीन और टूल किट बरामद की गई है। आरोपियों से पूछताछ में चोरी की 5 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 22 मई 2026 को हुई थी। थाना सदर गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21-22 मई की रात सेक्टर-38 स्थित उसके पीजी से अज्ञात चोर उसकी कार चुरा ले गए थे। इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने राजीव चौक के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सुखजीवन उर्फ सुक्खी (37) निवासी सीकरी, जिला डीग (राजस्थान), गुरदास (18) निवासी जाग मलहेरी, जिला अलवर (राजस्थान) और परगट सिंह उर्फ मंगा (18) निवासी देसूला खोड़, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। दूसरी कार की मदद से खींचकर ले गए चोरी की गाड़ी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग कर स्विफ्ट कार चुराने का प्रयास किया था। जब इसमें सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने कार की खिड़की तोड़कर ड्रिल मशीन से लॉकिंग सिस्टम को खोला। इसके बाद, वे दूसरी कार की मदद से चोरी की गई गाड़ी को खींचकर ले गए। पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम में कार चोरी की 4 अन्य वारदातों को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है, जिससे कुल 5 मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपियों पर पहले कई केस दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी सुखजीवन के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में चोरी, धोखाधड़ी, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी गुरदास के खिलाफ राजस्थान में पॉक्सो एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कार, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, ड्रिल मशीन और अन्य उपकरण बरामद कर लिए हैं। आरोपी गुरदास और परगट सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सुखजीवन को 8 जून को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।