अजमेर के पुष्कर में होकरा गांव की पुलिया पर दो ट्रेलर और एक टैंकर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर के ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं एक अन्य ट्रेलर और टैंकर का ड्राइवर घायल हो गया। हादसे के बाद इंडियन ऑयल के टैंकर से डीजल का रिसाव हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुलिया पर यातायात को रोका और एतिहातन डीजल टैंकर पर पानी का छिड़काव करवाया। हादसा सोमवार दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर हुआ। टैंकर से डीजल का रिसाव हुआ, ड्राइवर बचकर दूर खड़ा हुआ अजमेर ग्रामीण एएसपी लाल चंद कायल ने बताया- जयपुर से पुष्कर की ओर आ रहे इंडियन ऑयल के पेट्रोल-डीजल भरे टैंकर और पुष्कर से जयपुर की ओर जा रहे दो ट्रेलर में टक्कर हुई है। हादसे के बाद इंडियन ऑयल के टैंकर से डीजल का रिसाव हो गया था, जिसके बाद पुष्कर के कडेल निवासी टैंकर ड्राइवर हाथी सिंह (58) किसी तरह टैंकर से निकलकर दूर जाकर खड़ा हो गया था। वहीं दोनों ट्रेलर के ड्राइवर केबिन के अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने एक ट्रेलर के ड्राइवर को किसी तरह बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर को जेसीबी की सहायता से पुलिस ने बाहर निकलवाया। तीनों ड्राइवरों को 108 एंबुलेंस से अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान चूना लेकर जा रहे ट्रेलर के ड्राइवर दिलशाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बोरूंदा, जोधपुर निवासी दूसरे ट्रेलर ड्राइवर अब्दुल जफार (58) पुत्र खुदा बक्श और हाथी सिंह का इलाज जारी है। रिसाव के कारण टैंकर पर पानी का छिड़काव किया एएसपी ने बताया- पुलिया पर यातायात को बंद करवाया गया है। डीजल रिसाव से होने वाले हादसे को रोकने के लिए दमकल बुलवाकर पानी का छिड़काव करवाया है। करीब 500 मीटर का इलाका खाली करवाया गया है। टैंकर में 5 हजार लीटर पेट्रोल और 15 हजार लीटर डीजल भरा है। ये टैंकर जयपुर IOCL से पुष्कर के श्रीमाधव गोपाल गुर्जर फिलिंग स्टेशन जा रहा था। हादसे से जुड़े PHOTOS….
