चूरू शहर के अगुणा मोहल्ला निवासी एक युवक ऑनलाइन बिल्ली खरीदने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उससे करीब 11 हजार रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना के साइबर इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित युवक ने इंटरनेट पर बिल्ली खरीदने का एक विज्ञापन देखा था। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर ‘खान पेट शॉप, नई दिल्ली’ के नाम से एक मैसेज आया। ठगों ने खुद को पेट शॉप का संचालक बताया और युवक को बिल्ली उपलब्ध कराने का झांसा देकर विश्वास में ले लिया। उन्होंने बिल्ली की कीमत, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य खर्चों के नाम पर रुपए जमा कराने को कहा। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित युवक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद जब युवक ने बिल्ली की डिलीवरी के संबंध में संपर्क किया, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत साइबर सेल और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के बैंक खातों का विवरण खंगालकर ठगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।